मोली आपदा में गुम हुआ दीपक कुमार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। चमोली के जोशीमठ में ग्लेशियर टूटने की घटना की आंच जिले तक भी पहुंची है। भतौड़ा गांव का रहने वाला एक युवक आपदा के बाद से लापता है। उसके मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। युवक का पता लगाने को उसका बड़ा भाई जोशीमठ रवाना हो गया है। बेटे का फोन नहीं लगने के बाद से माता-पिता बेहद चिंता में हैं।
भतौड़ा गांव का दीपक कुमार जोशीमठ के ऋषि गंगा नदी में चल रही हाइड्रो पावर परियोजना में इलेक्ट्रीकल इंजीनियर पद पर कार्यरत है। एक साल पहले ही उसे नियुक्ति मिली थी। रविवार को जैसे ही बांध टूटने और परियोजना को नुकसान होने की सूचना टीवी पर दी जाने लगी तो परिजनों ने उससे फोन पर बात करने की कोशिश की। कई प्रयासों के बाद भी युवक का नंबर नहीं लगा। माता-पिता, भाई-भाभी पूरा दिन टीवी पर चिपके रहे। इस बीच उन्होंने जोशीमठ से जारी हो रहे कंट्रोल रूम के नंबरों पर भी संपर्क करने की कोशिश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रात भर परिवार वालों के आंखों से नींद गायब रही।
सोमवार की सुबह होते ही युवक के बड़े भाई और भतौड़ा के ग्राम प्रधान अरुण कुमार जोशीमठ को रवाना हो गए हैं। फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि भाई का फोन नहीं मिलने से पूरा परिवार चिंता में है। फिलहाल वह कुछ कह सकने की हालत में नहीं हैं। जोशीमठ जाकर ही स्थिति की सही जानकारी मिल सकेगी। इधर आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिले के किसी भी व्यक्ति के जोशीमठ आपदा में लापता होने की जानकारी उनको नहीं है।