बागेश्वर। गरुड़ के टानीखेत बाजार में बीयर बार खोलने की सुगबुगाहट के साथ ही ग्रामीण विरोध में उतर आए। उन्होंने जिलाधिकारी से वार्ता की और बार खोलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि टानीखेत में जिस स्थान पर बीयर बार खोला जा रहा है, उसके समीप ही शिशु मंदिर है। अन्य स्कूलों के बच्चे भी वहां से गुजरते हैं। आसपास में आवासीय भवन हैं। नागरिकों के अनुसार वहां पहले से ही एक बीयर बार मौजूद है। एक अन्य बार खुलने से स्थानीय लोगों को नुकसान होगा। वहां का माहौल खराब होगा। उन्होंने जिलाधिकारी बीएस मनराल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम प्रधान एसएस नेगी, हरीश सिंह, पारवती जोशी, कृष्णवर्धन जोशी, सुरेंद्र सिंह, गणेश दत्त, परमेश्वरी देवी, रेनू देवी, पूरन सिंह, जितेंद्र सिंह, रवि आदि के हस्ताक्षर थे। ब्यूरो