बागेश्वर। मंगलवार से हो रही बारिश ने बागेश्वर में ठंड बढ़ा दी है। बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। बारिश से खेतीबाड़ी भी प्रभावित हुई है। बच्चे भी सुबह स्कूल भीगते-भीगते पहुंचे।
मंगलवार सुबह शुरू हुई बारिश बुधवार को भी जारी रही। बारिश ने दैवीय आपदा से बंद पड़े मुनार- बदियाकोट मार्ग खोलने के काम भी बारिश से बाधित हुआ है। ठंड बढ़ने से लोगों ने गरम कपड़े निकाल लिए हैं। वहीं, कपकोट ब्लाक के उच्च हिमालयी क्षेत्र के गांवों में बोरबलड़ा, कुंवारी, बदियाकोट, सोराग, बाछम, खाती, सूपी, झूनी, मिकिलाखल्पट्टा, किमू और गोगिना में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बारिश के कारण स्कूलों में भी उपस्थिति कम रही। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता एनके सती ने बताया कि जिले में कुल 30 एमएम बारिश हुई है।