बागेश्वर। राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की जिला इकाई की बैठक में मांगों के लिए आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। शिक्षक 20 जनवरी से काले फीते बांधकर कक्षाओं का बहिष्कार करेंगे। मांगें पूरी नहीं होने पर पंचायत चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
बैठक में कहा गया कि एलटी में संविलियन, प्रधानाध्यापक के पदों पर प्रोन्नति, वेतनमान आदि मांगों को लेकर काफी समय से मांग उठाई जा रही है। बैठक में प्रांतीय कमेटी के फैसलों पर चर्चा हुई। 20 से 21 जनवरी तक काले फीते बांधकर विरोध प्रदर्शन करने, चाक डाउन हड़ताल करने और 23 को ब्लाक, तहसील स्तर पर धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में तय हुआ कि 27 को जिला मुख्यालय पर रैली निकालकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। इस बीच मांगें पूरी नहीं हुई तो तीन फरवरी को देहरादून में रैली निकाली जाएगी। बाद में पंचायत और लोक सभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा, महामंत्री चरण सिंह बघरी, कोषाध्यक्ष हेम चंद्र लोहुमी आदि ने भाग लिया।