बागेश्वर। केएमओ स्टेशन के पास दो लोगों ने दिनदहाड़े दुकानदार के साथ मारपीट की और उसकी जेब से 64 सौ रुपए निकालकर भाग गए। सूचना के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल एसएस कुशवाहा ने बताया कि सोमवार को दोपहर बाद जिला अस्पताल निवासी संजय बाल्मीकि पुत्र रग्गन लाल और जीतनगर निवासी संजीव कुमार पुत्र पूरनचंद्र ने केएमओ स्टेशन पर दुकानदार हीराबल्लभ के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें एक तरफ ले जाकर उनकी जेब से पर्स निकाल लिया। जिसमें 64 सौ रुपए थे। पर्स निकालकर दोनों वहां से फरार हो गए। हीरा बल्लभ ने तुरंत कोतवाली में इसकी सूचना दी। पुलिस ने दोनों को पकड़ने के लिए चौतरफा घेराबंदी की। शाम को संजय को बिलौना में और संजीव को गोमती पुल के समीप गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने लूट की राशि में से छह हजार रुपए उनसे बरामद कर लिए हैं। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
------------
मारपीट में सीनियर छात्र जख्मी
कांडा। जीआईसी के दो छात्रों के बीच विवाद हुआ और फिर मारपीट हो गई। तहसीलदार महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कांडा पड़ाव पर बारहवीं कक्षा और 11 वीं कक्षा के दो छात्रों के मध्य मारपीट हुई। एक छात्र को चोट लगी है उसने स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया। पीड़ित छात्र की शिकायत पर जांच हो रही है। प्रधानाचार्य को भी सूचना दे दी गई है।