बागेश्वर। पालड़ीछीना-जनौटी पालड़ी-जैन करास मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियाें ने आंदोलन करने की धमकी दी है। ग्रामीणों ने लोनिवि पर इस मामले में गुमराह करने का आरोप लगाया है।
पालड़ीछीना-जनौटी पालड़ी-कराला पालड़ी-बनौली-जैन करास मार्ग को आठ साल पहले मंजूरी मिल गई थी। किंतु सड़क के निर्माण कार्य में देरी हो रही है। आठ साल बाद भी सड़क का सपना पूरा नहीं हो सका है। सड़क नहीं बन पाने के कारण लोग आज भी मीलों पैदल चलने के लिए विवश हैं। सड़क के अभाव में इस इलाके में विकास के अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। निर्माण सामग्री तथा अन्य वस्तुआें के ढुलान पर ही काफी धन खर्च हो रहा है। रोगियों और वृद्धों को निकटवर्ती सड़क तक लाने के लिए कई बार डोलियों की मदद लेनी पड़ती है। यहां के लोगों को आज भी कष्टदायक दिनचर्या से मुक्ति नहीं मिल पाई है। ग्रामीणों ने कहा है कि मार्ग के लिए भूमि के एक हिस्से के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने के कारण निर्माण में देरी होती रही है। छीना की प्रधान नीमा देेवी, बीडीसी सदस्य दिग्विजय जनौटी सहित जनौटी पालड़ी कराला पालड़ी आदि गांवों के प्रधानों ने गत दिनों यहां जिलाधिकारी डा. वी षणमुगम को ज्ञापन भी सौंपा था और इस समस्या को हल करने की मांग की थी।