बागेश्वर। पुलिस उप महानिरीक्षक ने सहायक संभागीय कार्यालय में दो दिन पूर्व हुई चोरी की घटना की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय का मौका मुआयना किया। यहां तैनात कर्मचारियों से बात की। उन्होंने पुलिस को संभागीय कार्यालय के कर्मचारियों के फिंगर प्रिंट लेने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने भागरीरथी स्थित एआरटीओ कार्यालय में हुई चोरी की घटना की जानकारी ली। उन्होंने टूटे डबल लॉक, दरवाजों तथा खिड़कियों का बारीकी से निरीक्षण किया। यहां तैनात कर्मचारियों से बात की। निरीक्षण के बाद डीआईजी ने कहा कि डबल लॉक असुरक्षित जगह पर रखा है। डबल लॉक में पैसा रखने बाद सुरक्षा के लिहाज से पुलिस नहीं मांगी गई। विभागीय लापरवाही भी चोरी की घटना का कारण बनी है। उन्होंने स्वेच्छा से फिंगर प्रिंट देने वाले कर्मचारियों के बारे में पूछा । सभी ने फिंगर प्रिंट देने पर सहमति जताई। डीआईजी ने कोतवाल को निर्देश दिए कि वह सभी कर्मचारियों के फिंगर प्रिंट लें। जिस कंपनी का डबल लॉक लगा है। उससे संपर्क करें। लापरवाही किसी भी स्तर की सहन नहीं की जाएगी। चोरी का शीघ्र पर्दाफाश हो जाएगा। निरीक्षण के दौरान बागेश्वर के सीओ पीसी पंत, कपकोट के एनएस पांगती, कोतवाल बीएल विश्वकर्मा आदि शामिल थे।