बागेश्वर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को जिला न्यायालय परिसर और बाह्य न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। अदालत में विभिन्न बेंचों के माध्यम से आपसी सहमति के आधार पर कुल 97 वादों का निस्तारण कर 38 लाख चार हजार रुपये से अधिक के समझौतों पर मुहर लगाई गई।
लोक अदालत के तहत जिला जज पंकज तोमर की बेंच में पारिवारिक विवाद से संबंधित एक वाद का निस्तारण किया गया। अदालत ने आपसी सहमति और विधिक परामर्श के माध्यम से परिवार को टूटने से बचाने और विवाद सुलझाने पर जोर दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार तिवारी की बेंच में चेक बाउंस, मोटर वाहन अधिनियम और फौजदारी के शमनीय वादों की सुनवाई हुई। इस बेंच ने कुल 58 वादों का निस्तारण करते हुए 9,05,400 रुपये का समझौता कराया। सिविल जज सीनियर डिविजन योगेंद्र कुमार सागर की बेंच में 138 एनआईएक्ट और एमवी एक्ट के आठ वादों का निपटारा कर 2,83,500 रुपये के समझौते किए गए। इसके अलावा बैंक वसूली से संबंधित प्री-लिटिगेशन के 30 मामलों का त्वरित निस्तारण करते हुए 26,15,185 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया।