बागेश्वर। जिला अस्पताल में पिछले छह दिनों से भर्ती अज्ञात अधेड़ ने बुधवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने वारिसों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के हाथ में गुदे टैटू के सहारे वारिसों का पता लगाने की चुनौती है।
15 नवंबर को गरुड़ में अचेत और गंभीर हालत में एक व्यक्ति मिला था। सीएचसी में फर्स्ट एड के बाद उसे यहां भर्ती कराया गया था लेकिन इलाज के बीच बचाया नहीं जा सका। मामले की जांच कर रहे एसआई त्रिवेणी प्रसाद जोशी ने बताया कि मृतक के हाथ के बाजू में ओम और त्रिशूूल का टैटू है। इसके अलावा उसके पास पहचान के लिए कुछ नहीं मिला। मृतक के वारिसों का पता लगाया जा रहा है। सूचना प्रसारित करने के साथ ही सीमावर्ती पुलिस से भी संपर्क साधा गया है।