बागेश्वर। निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद बसपा ने मंगलवार को वार्ड स्तर पर प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है। बुधवार को यह सूची घोषित होगी।
विवेक सभागार में मंगलवार को आयोजित दल की बैठक में वार्ड प्रत्याशियों को लेकर मंथन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने टिकट के लिए दावेदारी भी पेश की। दावेदारी पर विचार विमर्श के साथ ही संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी गई। दल ने अभी तक प्रत्याशियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। यह भी तय किया गया कि जिले के दोनों निकायों में प्रत्याशी उतारे जाएंगे।
जिलाध्यक्ष किशन लाल विश्वकर्मा ने कहा कि बुधवार को प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सुनील कुमार चित्तौड़, भृगुराशन राव, नंद गोपाल, बसंत कुमार, श्रीराम, रमेश पर्वतीय, रमेश टम्टा, हरीश राम, पनी राम, शंकर रावत, हरीश नगरकोटी, गीता आर्य आदि मौजूद रहे।