सलामी देते एनसीसी कैडेट, फोटो खीचती बच्ची
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। एनसीसी सब यूनिट जीआईसी बनलेख ने गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। कैडेटों ने कमान अधिकारी कर्नल सिद्धार्थ चौधरी एवं एडम कर्नल रितेश अग्रवाल के निर्देशन में गोद लिए गांव रिंगूनियां अक्सोड़ा में जनजागरूकता रैली निकाली। लोगों को जल स्रोतों की सफाई, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कैशलेस पेमेंट, योग आदि के लिए जागरूक किया। पीटीए अध्यक्ष दिनेश भाकुनी ने कैडेटों को देश सेवा के लिए प्रेरित किया। एनसीसी अधिकारी कुंदन सिंह कालाकोटी, हरीश चंद्र सिंह के नेतृत्व में पौधरोपण किया गया। वनाग्नि से पौधों की सुरक्षा के लिए पिरूल की सफाई की गई। भगवान मूलनारायण मंदिर परिसर में फूलों के पौधे लगाए गए। बनलेख में व्यापारियों से दुकानों मेें कूड़ेदान रखने की अपील की गई। कूड़ा प्रबंधन पर पोस्टर, भाषण, वाद-विवाद हुआ। इधर राइंका बोहाला के कैडेटों ने भी स्वच्छता जागरूकता रैली निकालने के बाद गांव में सफाई अभियान चलाया। कैडेटों ने लोगों से पॉलीथिन का प्रयोग न करने, शौचालय का उपयोग करने, कूड़ा इधर-उधर न बिखेरने को कहा गया। इसमें एनसीसी अधिकारी दिगपाल सिंह मेहता, सरपंच मोहन सिंह असवाल, ग्राम प्रधान प्रेम राम आदि थे।