बागेश्वर। रविवार की देर शाम जिले में तेज अंधड़ चलने से बागेश्वर-गिरेछीना और बैजनाथ-ग्वालदम मोटर मार्ग पर कई पेड़ धराशाई हो गए। इससे यातायात प्रभावित रहा। घरों को लौट रहे यात्री घंटों तक मार्ग में फंसे रहे। रविवार की देर शाम अंधड़ से बागेश्वर-गिरेछीना सड़क में अमसरकोट के समीप आम के पेड़ बीच सड़क में गिर गए। इससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। दोनों ओर करीब दो दर्जन वाहन फंस गए। सूचना पर प्रशासन द्वारा जेसीबी मौके पर भेजी गई। उधर बैजनाथ-ग्वालदम मोटर मार्ग में भी रैतोली के पासा कई पेड़ उखड़कर सड़क में गिर गए। जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दोनों स्थानों पर जेसीबी से पेड़ों को हटाने का काम चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक पेड़ों को हटाने का काम जारी था। इधर ग्रिड फेल होने से पूरे जनपद की बिजली शाम सात बजे से गुल हो गई।