बागेश्वर। बागेश्वर-ताकुला मोटर मार्ग में काफलीगैर के पास एक डंपर ने स्कूटी सवार शिक्षिका को कुचल दिया। डंपर के पिछले टायर की चपेट में आई शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
सोमवार सुबह लगभग 9.15 बजे राजकीय पॉलीटेक्निक ताकुला में कार्यरत शिक्षिका निधि बनकोटी (28) पत्नी जन्मेजय बनकोटी स्कूटी (यूके 02-9335) से कॉलेज जा रही थी। काफलीगैर के पास उनकी स्कूटी डंपर की चपेट में आ गई। पिछले टायर से सिर कुचल जाने से निधि की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर झिरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेजा। पुलिस ने फरार अज्ञात डंपर चालक केे खिलाफ आईपीसी की धारा 218, 279, 304 ए, 427 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मृतका का मायका बिलौरी गांव में था जबकि ससुराल पिथौरागढ़ जनपद के बनकोट में था। वह अपने मायके से ही ताकुला पॉलीटेक्निक के लिए आवाजाही करतीं थीं। उनकी तीन महीने की एक बेटी है। उनके पति जन्मेजय बनकोटी व्यवसायी हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। झिरौली थाना के एसओ कृष्णा गिरी ने बताया कि आरोपी डंपर चालक की तलाश की जा रही है। वहीं गणाईगंगोली प्रतिनिधि के मुताबिक ताकुला के पास हुए स्कूटी-डंपर हादसे में जान गंवा चुकी निधि बनकोटी (28) का विवाह करीब दो साल पहले ही बनकोट निवासी व्यवसायी जन्मेजय बनकोटी के साथ हुआ था। निधि का मायका बिलौरी (काफलीगैर बागेश्वर) में है। निधि अपने एक बेटी को छोड़ गई है। हादसे की सूचना के बाद परिजन ताकुला के लिए रवाना हो गए हैं। निधि के पति जन्मेजय बनकोटी का भुजियाघाट (नैनीताल) में होटल और रेस्टोरेंट है। सोमवार की सुबह परिवारजनों निधि के हादसे में मौत होने की खबर मिली। सूचना मिलने के बाद परिजन काफलीगैर के लिए रवाना हो गए। निधि की अचानक हुई मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।