बागेश्वर। राजकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय के छात्रावास में एक महीने से पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। पानी नहीं आने से विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के संकट से गुस्साए छात्रों ने नारेबाजी कर जल संस्थान के ईई का पुतला फूंका। सभा में छात्रों ने पानी की आपूर्ति शीघ्र सुचारु नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
शुक्रवार सुबह पीजी कॉलेज के छात्रावास में रह रहे छात्र छात्रावास के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने पानी की समस्या को लेकर नारेबाजी कर जल संस्थान के ईई का पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि छात्रावास में पीने के पानी की आपूर्ति एक महीने से ठप पड़ी है। जल संस्थान को आपूर्ति के लिए कई बार कह दिया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। परेशान छात्रों को सरयू का गंदा पानी पीना पड़ रहा है।
इस मामले में महाविद्यालय प्रशासन भी उनकी कोई सहायता नहीं कर रहा है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में गोकुल परिहार, तनुज कर्म्याल, रोहित पंत, धीरज उपाध्याय, दीपक मर्तोलिया, विनोद पपोला, दिनेश कठायत, उज्ज्वल भट्ट, मुन्ना दानू, गोलू उपाध्याय, चंदन कोरंगा, हिमांशु रौतेला, सुंदर दानूू आदि थे।