कपकोट महोत्सव को भव्य बनाया जाएगा
कपकोट (बागेश्वर)। 28 जून को आयोजित होने वाले कपकोट महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। कमेटी की बैठक में महोत्सव को भव्य बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। भराड़ी से महोत्सव स्थल रामलीला मैदान तक निकलने वाली झांकी में छोलिया नृत्य के अलावा स्थानीय स्कूलों के दल भी शामिल होंगे। बैठक में दीवान मेहता की असमर्थता पर उनके स्थान पर गिरीश जोशी को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
रामलीला मैदान रामघाट में कमेटी के अध्यक्ष भूपाल सिंह कपकोटी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि दिन में निकलने वाली सांस्कृतिक झांकी में छोलिया नृत्य के अलावा स्थानीय विद्यालयों के दल भी शामिल होंगे। महोत्सव का शुभारंभ रात आठ बजे होगा। कार्यक्रम में बाहरी और स्थानीय लोक कलाकार प्रस्तुति देंगे। सुरेश गढ़िया ने सुझाव दिया कि बरसात को देखते हुए अगले साल आयोजित होने वाले महोत्सव की तिथि में परिवर्तन पर विचार किया जाना चाहिए। संचालन किरन उपाध्याय ने किया। बैठक में व्यवस्थापक नंदन कपकोटी, बीडीसी सदस्य तारा कपकोटी, राजेंद्र कपकोटी, गणेश कपकोटी, हास्य कलाकार लक्ष्मण ऐठानी, भूपेश गढ़िया, महिमन कपकोटी, हीरा और नवीन कपकोटी आदि थे।