बागेश्वर। शहर में जाम का झाम बढ़ता ही जा रहा है। शहर की संकरी सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से हर तरफ जाम ही जाम रहता है।
एसबीआई तिराहा, माल रोड, सरयू पुल, दुग बाजार और पिंडारी सड़क में दिन में कई-कई बार जाम लग रहा है। इसकी वजह व्यापारियों ने अपनी दुकान का सामान सड़क तक पर फैला रखा है, पार्किंग व्यवस्था न होने से लोग वाहनों को सड़क के दोनों ओर खड़े कर रहे हैं।
यातायात व्यवस्था के नियंत्रण के लिए पुलिस ने नो इंट्री जोन तो बनाए हैं लेकिन यहां भी वाहन आड़े-तिरछे खड़े रहते हैं। लंबे समय से लग रहे जाम से पैदल चलने वालों को भी कई परेशानियां झेलनी पड़ रही है। व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस से जाम से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा है।
शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। जो भी चालक यातायात के नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ में आएगा। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - लोकेश्वर सिंह, एसपी बागेश्वर।