कांडा (बागेश्वर)। कांडा-ससोला सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। सड़क न होने से जहां गांव का विकास ठप पड़ा है। वहीं गांव में उत्पादित सब्जियां और फल बाजार नहीं पहुंच पा रहे हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू करने की मांग की है। उन्होंने मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि कांडा-ससोला सड़क भाकड़पंत तक बनी है। इससे आगे दो किमी दूर ससोला के लिए आज तक एक भी फावड़ा भी नहीं चल सका है। सड़क निर्माण के लिए प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को कई बार कह दिया है लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो पाई है। सड़क न बननेे से जहां गांव का विकास चौपट है वहीं अधिकारी भी यातायात की सुविधा न होने का बहाना बनाकर गांव के भ्रमण पर नहीं आते हैं जिससे ग्रामीणों को विकास योजनाओं की जानकारी तक नहीं हो पाती है।
ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण शीघ्र न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। चेतावनी देने वालों में ग्राम प्रधान पुष्पा कांडपाल आदि शामिल हैं। उधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीएन शर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए अभी वन अधिनियम की मंजूरी नहीं मिली है। इस अधिनियम की मंजूरी मिलने पर ही निर्माण शुरू होगा।