बागेश्वर। नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने बुधवार को विजय जुलूस निकालकर मतदाताओं का आभार जताया। कहा कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष का विजय जुलूस कठायतबाड़ा से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से निकला। ढोल-नगाड़ों के साथ निकले जुलूस के बीच उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास उन पर दिखाया है उसे पूरा करने का भरसक प्रयास किया जाएगा। शहर में सफाई, नाली निकास, पथ प्रकाश, सफाई अभियान, सीवर लाइन, रोप वे के निर्माण का प्रयास किया जाएगा। भ्रमण में उनके साथ पूर्व प्रमुख रेखा खेतवाल, दलीप सिंह खेतवाल, नरेंद्र खेतवाल, भवानी राम आगरी, दीपक खेतवाल, बालादत्त तिवारी, रणजीत सिंह बोरा, भूपेश खेतवाल, प्रेम सिंह हरड़िया, कैलाश चंद्र, ईश्वर पांडे आदि थे।
ग्रामीणों ने भी किया स्वागत
बागेश्वर। नव निर्वाचित अध्यक्ष सुरेश खेतवाल का आरे, द्वारसों, तुपेड़ के ग्रामीणों ने भी फूल मालाओं से स्वागत किया। ग्रामीणों ने सुरेश से शहर, जिले का विकास करने की अपील की।