बागेश्वर। बनलेख- मौडियार ग्वातोली मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन पर सड़क निर्माण में मनमानी बरतने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में स्वीकृत सड़क निर्माण का लाभ पांच गांवों को मिलना था। मौडियार, लेसानी, सुंदिल, जुनायल, ग्वातोली गांवों को लाभ मिलना था। मनमाने तरीके से सर्वे कर सड़क निर्माण कार्य करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों को विश्वास में लेकर सड़क निर्माण किया जाना चाहिए। कहा कि मौडियार गांव के बीचों बीच सड़क निर्माण करना संभव नहीं है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में अनशन किया जा चुका है। ग्रामीणों को शीघ्र सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया था। चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की जनभावना के अनुरूप सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। नाराज ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन भी किया। डीएम को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में बलवंत सिंह पपोला, दिनेश जोशी, अंबादत्त, प्रधान कमला देवी, जगन्नाथ जोशी, विशंबर जोशी, बाला दत्त, प्रकाश जोशी, रमेश जोशी, प्रताप सिंह मेहता आदि थे।