बागेश्वर। पिकअप वाहन की टक्कर से सात साल का मासूम बुरी तरह घायल हो गया। ओवरटेक के फेर में यह हादसा हुआ। जिला अस्पताल से घायल मासूम को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम की मौत हो गई। मासूम छात्र की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बुधवार सुबह बिलौना निवासी चाउमिन व्यापारी महेश जोशी का सात वर्षीय पुत्र भावेश बिलौना में अपने घर से स्कूल बस की तरफ जा रहा था। तभी सड़क की दूसरी लेन से ओवरटेक का प्रयास कर रही एक पिकअप ने भावेश को टक्कर मार दी। घायल भावेश को जिला अस्पताल ले जाया गया। भावेश की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन मासूम को हल्द्वानी के विवेकानंद अस्पताल ले गए। जहां, दोहपर बाद इलाज के दौरान भावेश की मौत हो गई।
इधर, शाम मासूम की मौत की खबर पहुंचते ही उसके घर पर कोहराम मच गया। मां का रो रोकर बुरा हाल हो गया। देर रात परिजन शव लेकर बागेश्वर पहुंचे। भावेश नगर के जिम कार्बेट पब्लिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। आरोपी पिकअप चालक बिलौना का ही निवासी है। फिलहाल वह पुलिस की हिरासत में है। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।