बागेश्वर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला न्यायालय और गरुड़ तहसील स्थित न्यायालय में लोक अदालतों का आयोजन हुआ। इनमें कई वादों का समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शमशेर अली की बैंच संख्या एक में मोटर दुर्घटना क्लेम एमवी एक्ट का एक वाद का निस्तारण कर 5.26 लाख रुपये का समझौता और फ्री लिटीगेशन के कुल दो वादों का निस्तारण कर 66 हजार रुपये का समझौता किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सिविल डिवीजन लक्ष्मण सिंह बैंच संख्या दो में कुल चार वादों का निस्तारण कर 8.13 लाख रुपये का समझौता किया गया। जिसमें एक बैंक वसूली वाद, दो अन्य सिविल वाद और एक एनआई एक्ट शामिल था। सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायिक मजिस्ट्रेट गरुड़ श्रीमती सुमन के बैंच संख्या तीन में कुल सात वादों का समझौता कराया गया। जिसमें तीन लघु फौजदारी वाद, एक एनआई एक्ट और चार वैवाहिक वाद शामिल थे।