बागेश्वर। पुलिस अभिसूचना इकाई के एक जवान ने मानवता की मिसाल पेश कर गर्भवती की मदद के लिए हाथ बढ़ाए। जवान ने गर्भवती के लिए रक्तदान कर नेगेटिव ब्लड ग्रुप उपलब्ध कराया। सीजेरियन की जरूरत के बीच गर्भवती का परिवार पांच दिनों से रक्त के लिए भटक रहा था। रक्तदान के बाद गर्भवती और परिवार ने राहत की सांस ली है।
गरुड़ विकास खंड के खड़ेरिया गांव निवासी पूजा (25) दूसरी बार गर्भवती है। पिछली बार महिला की सीजेरियन के बाद डिलीवरी हुई थी। परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने दूसरी बार भी सिजेरियन की जरूरत बताई। ऑपरेशन के लिए शनिवार तक का संभावित समय दिया। इसके साथ ही ऑपरेशन के लिए रक्त का बंदोबस्त करने को कहा। पूजा का ब्लड ग्रुप ए नेगेटिव है। परिजन पिछले पांच दिनों से ब्लड ग्रुप के लिए हाथ-पांव मार रहे थे लेकिन ब्लड बैंक में इस दुुर्लभ ग्रुप का रक्त नहीं मिला और न ही कोई रक्तदाता सामने आ रहा था। रक्त न मिलने पर इस गरीब परिवार की गर्भवती को गंभीर हालातों के बीच हायर सेंटर रेफर करना पड़ता।
इस बीच शुक्रवार को रेडक्रॉस सोसाइटी ने सोशल मीडिया के माध्यम से रक्तदान की अपील की। इसपर पुलिस अभिसूचना जवान मनोज पांडेय ने गर्भवती की मदद के लिए मदद का हाथ बढ़ाया। उन्होंने ब्लड बैंक जाकर रक्तदान किया। मदद के लिए गर्भवती परिवार के साथ ही विभिन्न संगठनों और लोगों ने जवान की सराहना की।
रक्त के अभाव में बन आती जान पर
पिछले माह भी ए नेगेटिव रक्त के अभाव का मामला सामने आया था। तब भी गरुड़ विकास खंड की एक गर्भवती महिला को ब्लड बैंक में रक्त नहीं मिलने पर हायर सेंटर रेफर करना पड़ा था।