कपकोट (बागेश्वर)। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने कपकोट विधानसभा क्षेत्र की 15 सड़कों के निर्माण पर बाधक वन अधिनियम की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। सड़कों का निर्माण लोनिवि की कपकोट और बागेश्वर डिवीजनों के जरिए होगा।
विधायक बलवंत भौर्याल ने दोनों डिवीजनों के अधिशासी अभियंताओं को सड़कों के निर्माण के लिए नियमानुसार निविदाएं शीघ्र आमंत्रित करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक भौर्याल ने बताया कि केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने उनके विधानसभा क्षेत्र की 15 सड़कों के निर्माण के लिए वन अधिनियम की सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। इनमें लोनिवि कपकोट के अंतर्गत एक दर्जन सड़कों में सात किमी लंबी गोगिना-किमू, तीन किमी कमेड़ीदेवी-झांकरा, चार किमी खड़लेख-भनार डाना, छह किमी शामा से डांग्टी वाया ज्ञानधुरा, पांच किमी हरसीला-पुड़कुनी-चचई, खड़लेख-भनार-घुरड़िया बैंड से धरमघर मिलान, 10 किमी कर्मी-बघर-ढोक्टीगांव, पांच किमी जगथाना-पौंसारी, पांच किमी गैरखेत से लखमारा, 10 किमी करूली बैंड से गाजली बिजोरिया, छह किमी भेरूं-ओखलधार और तीन किमी महरूड़ी से पठक्युड़ा सड़क जबकि बागेश्वर डिवीजन के तहत चार किमी माइयाकोट से बाजड़, तीन किमी कांडा-सानीउडियार-रावतसेरा सड़क से भदौरा बाजीरौट और बागेश्वर-कपकोट-तेजम सड़क के किमी 10 से अनर्सा, उडियारीकुडी सन तक सड़क निर्माण के लिए वन अधिनियम की मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि सड़कों के निर्माण से जहां गांवों के विकास में तेजी आएगी, वहीं यातायात की सुविधा होने से पलायन पर भी अंकुश लगेगा।