कपकोट (बागेश्वर)। विधायक बलवंत भौर्याल ने राजकीय महाविद्यालय में बनी शौर्य दीवार का रिबन काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि शौर्य दीवार से छात्रों को देश के प्रति कुर्बानी की प्रेरणा मिलेगी। छात्र-छात्राओं से शहीदों की जाबांजी और कुर्बानी से सीख लेने को कहा।
विधायक भौर्याल ने कहा कि वर्ष 1965 हो या 71 की लड़ाई हमारे बहादुर सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा करने में कोई कोरकसर नहीं छोड़ी है। देश को अमर शहीदों की कुर्बानी पर नाज है। उन्होंने छात्र, छात्राओं से अमर शहीदों की कुर्बानी से सीख लेकर देश की रक्षा का संकल्प लेने को कहा। यहां पहुंचने पर विधायक का प्राचार्य डॉ. एके जोशी ने स्वागत किया। वहां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम शाही, वरिष्ट प्राध्यापक डॉ. केके पंत, डॉ. नीता साह, ममता सुयाल आदि थे। इस दौरान छात्रों ने विधायक को ज्ञापन देकर महाविद्यालय को स्नातकोत्तर का दर्जा देने और छात्रावास का निर्माण करने की मांग की। उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष पवन मेहरा, छात्रनेता हरीश मेहरा, हरीश बिष्ट, हंशी ऐठानी, नीरज भट्ट, गणेश कुमार, हरीश सिंह, ममता बोरा और किरन उपाध्याय आदि थे।