मुख्य ट्रांसफार्मर की मरम्मत के चलते हुई कटौती, लोगों को उठानी पड़ी परेशानी
बागेश्वर। मानसून काल से पूर्व कपकोट विकासखंड में बिजली के मुख्य ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम चल रहा है। शनिवार को विभाग ने कपकोट उपखंड के मुख्य ट्रांसफार्मर की ओवरहॉलिंग की। जिसके चलते पूरे दिन क्षेत्र के 75 से अधिक गांवों गांवों की बिजली गुल रही। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यूपीसीएल मानसून से पूर्व बनलेख, कपकोट, शामा और कर्मी में लगे मुख्य ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम करा रहा है। कपकोट के मुख्य ट्रांसफार्मर के ऑयल फिल्टरेशन के लिए पूर्व निर्धारित समय के अनुसार सुबह 10 बजे से क्षेत्र की बिजली गुल हो गई थी। बिजली बाधित होने से कार्यालयों में कामकाज पर असर पड़ा। बिजली की मदद से संचालित लघु उद्योग धंधे भी ठप रहे। व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। गर्मी के कारण नगर के लोग पूरे दिन परेशान रहे।
इधर, यूपीसीएल के एसडीओ एसएस भंडारी ने बताया कि बिजली कटौती की सूचना पूर्व में दी गई है। ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान कपकोट, हरसीला और फरसाली फीडर से जुड़े गांवों की बिजली बाधित रही। हालांकि सौंग, मुनार क्षेत्र के गांवों को हरसिंग्याबगड़ फीडर से बिजली मुहैया कराई गई थी। शाम छह बजे पूरे क्षेत्र की आपूर्ति सुचारू करा दी गई थी।