बागेश्वर। सड़कों के निर्माण के दौरान लोनिवि ओएफसी काटकर बीएसएनएल को लाखों का चूना लगा रहा है। अब तक कई स्थानों में केबल काटने से बीएसएनएल को राजस्व का काफी नुकसान हो चुका है।
लोनिवि का इन दिनों कौसानी- बागेश्वर मोटर मार्ग पर सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क किनारे बीएसएनएल की केबल बिछी हैं। लोनिवि निर्माण के दौरान गत दिनों रवाईखाल, बैजनाथ व अन्य स्थानों पर केबल को नुकसान हुआ है। केबल कटने से गरुड़ सहित जिले की संचार सेवा ठप हो गई। साथ ही बीएसएनएल को भारी नुकसान भी हुआ। हालांकि बीएसएनएल ने नुकसान की भरपाई के लिए लोनिवि को नोटिस भेजा है।
हरसीला में जियो कंपनी ने भी बीएसएनएल की केबल काट दी थी जिससे कपकोट क्षेत्र की संचार व्यवस्था ठप हो गई थी। बीएसएनएल के एसडीओ सीएस लोहनी ने बताया कि लोनिवि व जियो कंपनी ने निर्माण कार्य के दौरान तीन स्थानों पर केबल काटकर नुकसान बीएसएनएल को नुकसान पहुंचाया है। लोनिवि को नोटिस भेजकर नुकसान की भरपाई के लिए कहा है। साथ ही भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत भी दी है। जियो कंपनी से भी नुकसान की भरपाई करने को कहा गया है।