बागेश्वर। शहर की सड़कों को पार्किंग से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका और प्रशासन जोर शोर से लगा हुआ है। रविवार को अवकाश वाले दिन भी पालिका और प्रशासन अधिकारियों ने पार्किंग के भूमि चयन के लिए कई सड़कों का निरीक्षण किया। जल्द ही भूमि चिन्हित कर पार्किंग बनाई जाएगी।
बागेश्वर वैली में पार्किंग के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं है। वहीं पिछले एक दशक में वाहनों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। पार्किंग नहीं होने से वाहनों को सड़क पर यहां वहां खड़ा किया जाता है। नतीजा ट्रैफिक जाम होता है दूसरा पुलिस की चालानी कार्रवाई झेलनी पड़ती है।
पर्यटन सीजन में हालत बदतर हो जाते हैं। इसी के मद्देनजर रविवार को अवकाश के बाद भी पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, एसडीएम आरसी तिवारी, ईओ राजदेव जायसी ने जजी रोड, गरुड़ रोड और कांडा रोड का निरीक्षण किया। अभी न्यूनतम 50-50 वाहनों के लिए दो-दो पार्किंग प्रस्तावित हैं। भूमि चिन्हित तो की गई है लेकिन इस पर अंतिम मुहर नहीं लग सकी है। जल्द ही भूमि का चिन्हीकरण कर पार्किंग बनाने का काम किया जाएगा।