बागेश्वर। कई महीनों की कवायद के बाद भी नगर पालिका महज तीस प्रतिशत ही भवन कर वसूल सकी है। शेष 70 प्रतिशत भवन कर की राशि डेढ़ माह में वसूलने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर पालिका को भवन से साल भर में 12 लाख से अधिक की आय होती है। नगर पालिका की आय का प्रमुख जरिया भवन कर है लेकिन भवन कर वसूलने में नगर पालिका फिसड्डी साबित हो रही है।
अभी तक मात्र तीस फीसदी ही भवन कर वसूला गया है। पालिका ने बताया कि सभी भवन स्वामियों को मार्च तक का समय दिया गया है। मार्च के बाद भुगतान नहीं होने पर नोटिस भेजे जाएंगे। 31 मार्च तक बकाया 70 प्रतिशत भवन कर वसूला जाना है।
आठ लाख दबाकर बैठे हैं सरकारी महकमे
बागेश्वर। नगर पालिका आम लोगों को नोटिस भेजकर तो भवन कर वसूल लेती है लेकिन बीते कई सालों से भवन कर की राशि दबाकर बैठे सरकारी महकमों से राशि वसूल नहीं पा रही है। पालिका के ईओ राजदेव जायसी ने बताया कि सरकारी विभागों के पास लगभग आठ लाख की राशि है, जिसे निकालने के लिए संबंधित विभागों को समय समय पर पत्र भेजे गए हैं। विभागों ने जल्द राशि जमा करने का आश्वासन दिया है।