मेला क्षेत्र का आकार बढ़ा, सस्ती होंगी दुकानें
अमर उजाला ब्यूरो
बागेश्वर। उत्तरायणी मेले में आने वाले बाहर के व्यापारियों के लिए अच्छी खबर है। नगर पालिका ने मेला क्षेत्र का दायरा बढ़ाते हुए दुकानों के रेट घटा दिए हैं। सोमवार को नगर पालिका ने मेला क्षेत्र में दुकानों का लेआउट जारी किया है।
नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने बताया कि नगर पालिका ने मेला क्षेत्र का आकार बढ़ा दिया है। इस बार गोमती नदी क्षेत्र की तरफ ज्यादा दुकानें लगाई जाएंगी। जबकि जिला पंचायत कार्यालय की तरफ भी मेले का विस्तार किया गया है। अस्पताल की तरफ ब्लड बैंक की तरफ भी दुकानों का विस्तार किया जाएगा। कहा कि बाहरी व्यापारियों को पूरी सुरक्षा व संरक्षण दिया जाएगा। उत्तरायणी मेले में बाहर के व्यापारी प्रमुख आकर्षण रहते हैं। अधिकांश मेलार्थी उनसे सामान खरीदना चाहते हैं।
बिचौलियों का कारोबार खत्म
बागेश्वर। उत्तरायणी मेले में इस बार बिचौलियों का कारोबार खत्म कर दिया गया है। अब मेले में वही व्यक्ति बैठेगा जिसे दुकान आवंटित होगी। दुकान लेकर दूसरे को बेचने का कारोबार अब नहीं हो सकेगा। आवंटित दुकानों का निरीक्षण करने के लिए पालिका ने समिति का भी गठन किया है। जो मेले के दौरान इसे चेक करेगी। पालिका के इस फैसले से बाहर के व्यापारियों को दुकानें सस्ती मिल सकेंगी।
पैदल पुल बनकर तैयार हुआ
बागेश्वर। उत्तरायणी मेला आयोजन के लिए सरयू नदी में पैदल पुल बनकर तैयार हो गया है। उत्तरायणी मेले की तैयारियों में नगर पालिका जुट गई है। सोमवार को नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने ईओ सहित पालिका के अन्य कर्मचारियों के साथ नगर भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
नगर में रंग रोगन का कार्य चल रहा है। साथ ही मेला क्षेत्र के समतलीकरण का कार्य भी चल रहा है। बताया कि मेले को आकर्षक व भव्य बनाने के सारे प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही सांस्कृतिक व अन्य टीमों का गठन करते हुए मेले की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सांस्कृतिक टीमों को जल्द चयन किया जाएगा।