बागेश्वर। अतिवृष्टि से लगातार नुकसान की रिपोर्ट आ रही है। एक और आवासीय भवन भारी बारिश के बीच क्षतिग्रस्त हो गया है। पांच सदस्यीय परिवार खतरे के बीच रहने को मजबूर हैं। वहीं, बारिश के बाद भूस्खलन और मलबा आने से जिले के छह मोटर मार्ग बंद हैं। मोटर मार्ग बंद होने से हजारों की आबादी के लिए आवागमन की समस्या खड़ी है। कई पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त पड़ी हैं।
जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार गरुड़ विकास खंड के ग्राम ज्योणास्टेट पिंगलो में आनंदी देवी पत्नी स्व. आनंद सिंह का आवासीय भवन तेज बारिश के बीच क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर राजस्व कर्मियों ने मौका मुआयना कर नुकसान का जायजा लिया। आवासीय भवन को नुकसान से पांच सदस्यीय परिवार को खतरा बना है। राजस्व कर्मियों ने प्रभावित परिवार को खतरा भांपते हुए रहने की नसीहत दी है। उन्होंने मरम्मत के लिए जल्द सहायता देने का भरोसा दिया।
इधर, बारिश के बीच भूस्खलन और मलबा आने से जिले में छह सड़कें बंद पड़ी हैं। इसमें कपकोट-पिंडारी मोटर मार्ग समेत पांच ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं। इन मोटर मार्गो से जुड़े दर्जनों गांवों की 20 हजार की आबादी पर सीधा असर पड़ा है। बड़ी आबादी घरों मेें कैद होकर रह गई है। इन मार्गो पर सार्वजनिक यातायात व्यवस्था ठप पड़ी है। ग्रामीणों को ज्यादा समय, धन खर्च कर जोखिम के बीच सड़कों से गुजरना पड़ रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि कार्यदायी संस्थाएं मार्ग खोलने में जुटी हैं।
दूूसरी ओर कपकोट में बारिश से क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं से आपूर्ति ठप पड़ी है। लोगों को प्राकृतिक स्रोतों से प्यास बुझानी पड़ रही है। इधर, शुक्रवार को भी बागेश्वर से लेकर कपकोट और गरुड़ विकास खंडों में झमाझम बारिश जारी रही। बारिश से सरयू और गोमती का जलस्तर बढ़ गया। नदियों में काफी मात्रा में सिल्ट आया। इससे पेयजल योजनाओं के फिल्टरेशन का काम प्रभावित हुआ। इसके चलते घरों में गंदले पानी की आपूर्ति हुई। प्राकृतिक स्रोतों पर पानी भरने वालों की कतार लगी रही। ईई नंद किशोर ने बताया कि सिल्ट आने से फिल्टरेशन प्रभावित हुआ। क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत चल रही है।
सड़कों का कॉजवे और डामर बहा
बागेश्वर। रीमा पचार में मुख्य सड़क मार्ग का एक कॉजवे भारी बारिश की भेंट चढ़ गया। इससे सड़क के धंसने का खतरा पैदा हो गया है। चौकी पुलिस ने सड़क दुर्घटना के खतरे को देखते हुए कार्यदायी संस्था से जल्द मरम्मत करने को कहा है। दूसरी ओर पिंडारी मार्ग में जाजर के पास सड़क का डामर बह गया। इसके बाद सड़क तालाब बन गई। इस बीच एक अल्टो कार नाली में फंस गई। इससे मार्ग पर जाम लग गया।