बागेश्वर। कुमाऊं विश्व विद्यालय द्वारा आए दिन बनाए जा रहे नए-नए नियमों को छात्रों ने अव्यवहारिक बताया है।
शुक्रवार सुबह एनएसयूआई से जुड़े छात्र कॉलेज परिसर में जमा हुए और कॉलेज में तालाबंदी कर दी। वक्ताओं ने कहा कि कुमाऊं विश्व विद्यालय आए दिन नए-नए नियम बना रहा है लेकिन विवि प्रशासन संशोधन के नाम पर चुप बैठा है। अनियमितताएं दूर न होने से छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय बना है। अंतालिकाओं की गड़बड़ियां दूर करने, नियमों में सरलता लाने की कई बार मांग करने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
तालाबंदी और धरना प्रदर्शन करने वालों में एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार, छात्रसंघ उपाध्यक्ष गोविंद चंदोला, गणेश कुमार, ललित गोस्वामी, रोहित कुमार, आदर्श गढ़िया, मुकेश शाही आदि शामिल थे।