बागेश्वर। गरुड़ क्षेत्र की महिलाओं ने राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया है। महिलाओं ने जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर राशन के वितरण की जांच करने की मांग की है।
महिलाओं ने कहा कि गरुड़ क्षेत्र में खाद्यान्न वितरण प्रणाली में अनियमितता बरती जा रही है। खाद्यान्न का वितरण मनमाने तरीके से किया जाता है। किस श्रेणी के उपभोक्ता को कितना राशन वितरित होता है, उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी तक नहीं दी जाती है। किसी माह राशन नहीं मिलने पर गल्ला विक्रेता द्वारा कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया जाता।
महिलाओं ने कहा कि राशन पर मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी भी उपभोक्ताओं को नहीं है। महिलाओं ने जिला पूर्ति अधिकारी से शीघ्र खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई।
ज्ञापन सौंपने वालों में श्यालदेटीट की उप प्रधान चित्रा वर्मा, भगवती देवी, दया गोस्वामी, लीला देवी, माया पाठक, गंगा देवी, ज्योति देवी, गीता देवी, पनुली देवी, मुन्नी देवी, भगवती, दयादेवी, हीरा देवी,नीमा, कलावती, जानकी, चंद्रा, तारा, विमला, माधवी, मधुली, नंदी आदि महिलाएं शामिल थीं।