बागेश्वर। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने मंगलवार को ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के ईई को जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर तक मोटर मार्ग पर शीघ्र डामरीकरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को ट्रामा सेंटर के आगे से वाहनों की पार्किंग हटवाने के निर्देश देते हुए नो पार्किंग का बोर्ड लगाने को कहा। वाहनों की पार्किंग रोकने के लिए एक पीआरडी जवान को ड्यूटी पर तैनात करने के निर्देश दिए। नगरपालिका को सेंटर के आगे से कूड़ा घर को हटाकर अन्यत्र कूड़ेदान स्थापित करने और ट्रामा सेंटर के आगे लगे होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए।
ट्रामा सेंटर का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को दोमंजिले को जाने वाली रैंप को ठीक करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान फिजियोथेरेपी, भंडारण, सर्जरी, एक्सरे, वार्ड कक्षों का निरीक्षण कर उपकरणों व अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मरीजों का हाल जानकर सेंटर में तैनात डॉक्टरों और कार्मिकों को मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद राजकीय आयुर्वेदिक की आयुष विंग चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
आरडब्लूडी को दरवाजे, खिड़की मरम्मत और चिकित्सालय के पास खाली जगह में पंचकर्म के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम श्याम सिंह राणा, सीएमएस बसंत कुमार, लोनिवि के ईई आरके पुनेठा आदि मौजूद थे।