बागेश्वर। पुलिस लाइन माम्ता में होमगार्ड्स भर्ती प्रक्रिया के तीसरे दिन भी युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में अपना पूरा दमखम दिखाया। कड़ी सुरक्षा, वीडियोग्राफी और पूरी पारदर्शिता के बीच आयोजित की जा रही इस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन कुल 52 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।
भर्ती कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को शारीरिक परीक्षा के लिए कुल 190 अभ्यर्थियों को बुलावा भेजा गया था। इसमें से 119 अभ्यर्थी मैदान में उपस्थित हुए, 71 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। मैदान में पहुंचे 119 युवाओं को दौड़, ऊंचाई और सीने की नाप-जोख समेत विभिन्न कड़े शारीरिक मानकों से गुजरना पड़ा। कड़ी परीक्षा में जहां 67 अभ्यर्थी मानकों को पूरा नहीं कर पाने के कारण असफल हो गए, वहीं सभी बाधाओं को पार करते हुए 52 अभ्यर्थियों ने मैदान मार लिया। भर्ती अधिकारियों ने बताया कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत आगे भी अन्य अभ्यर्थियों के लिए यह शारीरिक परीक्षा जारी रहेगी।