बागेश्वर। कपकोट पुलिस ने चरस की तस्करी कर रहे एक किशोर को संरक्षण में लिया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। बाद में कोर्ट के आदेश पर किशोर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। नाबालिग के चरस तस्करी में शामिल होने का यह जिले का यह पहला मामला है।
एसपी अमित श्रीवास्तव के निर्देश पर पुलिस मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए व्यापक अभियान चला रही है। थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस नगर में गश्त कर रही थी। इस दौरान रीठाबगड़ मार्ग में नए पुल के पास एक किशोर संदिग्ध प्रतीत हुआ तो उसकी तलाशी ली गई। इस पर उसके पास से 646 ग्राम चरस बरामद की गई। तस्करी के आरोप में पुलिस 15 वर्षीय किशोर को उसे थाने ले आई। एसआई वंदना चौहान ने बताया कि नाबालिग को जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर परिजनों को सौंप दिया गया है। चरस बरामद करने वाली टीम में एसआई अविनाश मौर्य, आरक्षी विरेंद्र गैड़ा, खुशाल राम और राजेंद्र प्रसाद शामिल थे।