बागेश्वर। शराब की दुकानों में ओवर रेट की शिकायतों को लेकर आबकारी विभाग सख्त हो गया है। सोमवार को आबकारी विभाग ने गरुड़ देशी व अंग्रेजी शराब की दुकान में छापा मारकर कई खामियां पकड़ी। विभाग ने दोनों दुकानों में 73 हजार का जुर्माना लगाया है।
जिला आबकारी अधिकारी विवेक सोनकिया ने बताया कि शराब की दुकानों में ओवर रेट को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायत मिल रही थी। शिकायत की पुष्टि के लिए आबकारी विभाग ने ग्राहकों को दुकान में भेजा। गरुड़ देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों में ओवर रेट सहित अन्य खामियां पकड़ी गई। विभाग ने देशी शराब के अनुज्ञापी राजेश वर्मा व आदित्य साह पर पांच हजार, अंग्रेजी शराब के अनुज्ञापी तेज सिंह व राजेश वर्मा पर 68 हजार 742 रुपये का जुर्माना लगाते हुए नोटिस जारी किया है। उक्त राशि एक सप्ताह के भीतर जमा करने का आदेश दिया है। चेतावनी दी है कि यदि राशि जमा नहीं की तो प्रतिभूति से काट ली जाएगी।
दुकान में सीसीटीवी कैमरे, बिलिंग मशीन भी खराब
निरीक्षण में गरुड़ अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों में सीसीटीवी कैमरे व बिलिंग मशीनें भी खराब हालत में पाई गई। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अनुज्ञापी को नोटिस जारी किया है। बिलिंग मशीन व सीसीटीवी कैमरे ठीक नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।