बागेश्वर। दोफाड़ में लगा बिजली का ट्रांस्फॉर्मर पिछले आठ दिन से खराब है। बिजली की रोशनी नहीं होने से जहां कुटीर उद्योग धंधों पर ताले लटके हैं। वहीं रात के अंधेरे में बच्चों की पढ़ाई भी नहीं हो पा रही है। शाम को तेंदुए का भय अलग से सता रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार दोफाड़ में लगे बिजली के ट्रांस्फॉर्मर में गत 23 नवंबर को खराबी आ गई थी। सूचना देने के बाद भी ऊर्जा निगम ने ट्रांस्फॉर्मर नहीं बदला है। उन्होंने विभाग के अधिशासी अभियंता से ट्रांस्फार्मर जल्द बदलने की मांग की है। बिजली न होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों के मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं जिससे वह संपर्क से कटे हुए हैं। मांग करने वालों में मनोज गोस्वामी, सुनील कुमार और पुष्कर सिंह शामिल हैं। इधर ऊर्जा निगम के ईई भाष्कर पांडे ने बताया कि संबंधित जेई को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान करवाया जाएगा।