बागेश्वर। लंबे समय से पानी की किल्लत से जूझ रहे कांडा तहसील के अन्नपूर्णा गांव के लोगों में आक्रोश है। सोमवार को ग्रामीणाें ने कलक्ट्रेट में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इसके बाद एडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
एडीएम राहुल गोयल को दिए ज्ञापन में अन्नपूर्णा के ग्रामीणों ने कहा कि जल संस्थान ने 30 साल पहले ग्राम पंचायत कुनेड़ा में अन्नपूर्णा गधेरे से विजयपुर-अन्नपूर्णा पेयजल योजना निर्माण किया था। अब चैंबर, टंकी और पाइप लाइन जीर्णशीर्ण होने से लाइन में पानी नहीं आ रहा है। नलों में पानी नहीं आने से गांव के 20 परिवारों के सामने पानी का संकट गहरा गया है। जल संस्थान के अधिकारियों से कई बार पानी के संकट से निजात दिलाने की मांग की, लेकिन अब तक पानी का संकट बना हुआ है। अधिकारी हर बार बजट नहीं होने का बहाना बनाकर अपनी जिम्मेदारी से जी चुरा रहे हैं। ग्रामीणों ने एडीएम से योजना की शीघ्र मरम्मत कराकर पानी की आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान प्रमोद पांडे, हेम पांडे, घनश्याम पांडे, ख्याली दत्त और दिनेश चंद्र आदि शामिल थे। एडीएम ने ग्रामीणों को मामले में कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया।