बागेश्वर। विभिन्न मांगों को लेकर राज्य कर्मचारियों ने आधे दिन का कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। सोमवार को राज्य कर्मचारी परिषद के जिलाध्यक्ष एससी पंत के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के कर्मचारी नारेबाजी करते हुए विकास भवन परिसर पहुंचे। धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि एसीपी का लाभ, कर्मचारियों को वाहन भत्ता देने, दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों और शिक्षकों को दुर्गम भत्ता देने, उपार्जित अवकाश की सीमा बढ़ाकर पांच सौ रुपया करने, सातवें वेतनमान के सभी भत्ते देने समेत 23 सूत्री मांगों को लेकर लगातार संघर्ष किया जा रहा है। कई बार आंदोलन करने के बाद भी सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है, यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन उग्र कर दिया जाएगा। जिला सचिव कैलाश भट्ट के संचालन में आयोजित धरने में पूरन परिहार, संजय टम्टा, बहादुर सिंह देव, नंदन गिरि, दीवान सिंह, दामोदर जोशी, चंद्र मोहन आर्या, राजन राम आदि शामिल थे। ब्यूरो