बागेश्वर। छह साल पहले उच्चीकृत राउमावि करालापालड़ी में 40 बच्चों को पढ़ानेे के लिए सिर्फ एक ही शिक्षक तैनात है। शिक्षक नहीं होने से बच्चों का भविष्य चौपट हो गया है। क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शिक्षकों की शीघ्र तैनाती करने की मांग की है। मांग शीघ्र पूरी नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में करालापालड़ी क्षेत्र के लोगों ने कहा है कि कन्या जूनियर हाइस्कूल कराला पालड़ी का वर्ष 2011 में हाइस्कूल में उच्चीकरण हुआ था। लंबे समय तक विद्यालय को जूनियर हाइस्कूल के शिक्षक ही पढ़ा रहे थे। शासन ने वर्ष 2013 में गणित के शिक्षक की तैनाती की थी। तब से कोई तैनाती नहीं हो सकी है। शिक्षकों की तैनाती की अब तक कई बार मांग कर दी गई है। लेकिन तब से मिल रहे आश्वासन आज तक सच साबित नहीं हो सके हैं।
शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गई है। उन्होंने शिक्षकों की शीघ्र तैनाती नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत सदस्य रवि करायत, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष हंशी देवी, गंगा राम, अन्नू प्रसाद, महेंद्र सिंह, गोविंद सिंह करायत, कौशल्या देवी, गंगा रायत, विमला देवी, दीप कुमार और दर्शन कुमार आदि शामिल थे। जिलाधिकारी रंजना ने कहा कि शासन से शिक्षक मिलने पर तैनाती की जाएगी।