बागेश्वर। कोरोना संक्रमण फैलने के बाद बाहरी प्रदेशों से घर लौटे प्रवासी धीरे-धीरे स्वरोजगार की ओर बढ़ रहे है। लॉकडाउन के बाद से प्रवासियों ने लगभग हर विभाग में स्वरोजगार के लिए आवेदन किया है। जिले में लौटे 50 हजार से अधिक प्रवासियों में से 5661 ने स्वरोजगार के लिए आवेदन किया है।
कृषि विभाग में 192 आवेदकों में से 44 प्रवासियों को 29 लाख की लागत से पावर वीडर और अन्य यंत्र दिलाए गए हैं। 148 प्रवासियों को नियोजित करने की कार्यवाही की जा रही है। पशुपालन विभाग में खच्चर, गाय, भैंस, बकरी पालन, डेयरी, पॉल्ट्री फार्म के लिए 115 प्रवासियों ने आवेदन किए हैं। मत्स्य पालन के लिए 55 लोगों ने आवेदन किए हैं। मत्स्य तालाब निर्माण के लिए 21.60 लाख की लागत से 18 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं।
उद्यान विभाग में 85 लोगों ने स्वरोजगार के लिए आवेदन किया है। विभाग ने 4.88 लाख रुपये की लागत से प्रवासियों को 10 पॉलीहाउस दिलाए हैं। डेयरी खोलने के नौ आवेदन मिले हैं। 25 आवेदन प्राप्त होने पर एनसीडीसी योजना के तहत लाभ दिया जाएगा। वहीं 4032 अकुशल श्रमिकों को मनरेगा योजना के तहत रोजगार दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के लिए 192 प्रवासियों ने किए आवेदन
बागेश्वर। मुख्यमंत्री योजना के तहत स्वरोजगार के लिए 192 प्रवासियों ने आवेदन किया है, जिसके सापेक्ष 122 आवेदनों के लिए 3.75 करोड़ रुपये स्वीकृत कर बैंकों को लोन की संस्तुति की गई है। प्रधानमंत्री स्वरोजगार सृजन योजना के तहत 121 आवेदन हुए हैं। इसके सापेक्ष आठ आवेदनों को 24.48 लाख का ऋण दिया गया है। संवाद
प्रवासियों को स्वरोजगार योजना की जानकारी दी
कपकोट (बागेश्वर)। अनुसूचित जाति, जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश मर्तोलिया ने इंटर कॉलेज हरसिला में प्रवासियों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से प्रवासियों को स्वरोजगार देने के लिए अनेक लाभकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनके जरिये बैंक से लोन प्राप्त कर घर आए लोग स्वरोजगार कर सकते हैं। कार्यक्रम में पशुपालन अधिकारी आरआर चंदोला, गिरीश नेवली, सहायक कृषि अधिकारी चंद्र प्रकाश, मत्स्य निरीक्षक वीरेंद्र मोहन, प्रभारी थानाध्यक्ष लोकेश रावत आदि आदि थे। संवाद
मुफलिसी में दिन बिताने को मजबूर प्रवासी
रानीखेत (अल्मोड़ा)। प्रवासियों को सुविधाएं और रोजगार देने की तमाम बातें हो रही हैं, लेकिन धरातल पर ऐसा कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। ताड़ीखेत ब्लाक के सुदूरवर्ती गुम्टा जैना गांव लौटे प्रवासी मजदूर मनोज कुमार दिल्ली में जैसे तैसे भरण पोषण कर रहा था। लॉकडाउन के बाद अप्रैल माह में वह भी गांव लौट आया। अब उसके पास रहने के लिए स्वयं का मकान तक नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि वह जैना में उसने बच्चों को किराए के मकान पर रखा है। गांव में रोजगार भी नहीं है। ग्रामीणों ने शासन और सरकार से ऐसे प्रवासियों को चिन्ह्ति कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रवासी मनोज कुमार ने बताया कि पिछले चार महीने में सरकार तरफ से मिलने वाला प्रवासी राशन भी सिर्फ एक बार मिला है। राशन कार्ड में नाम भी गलत है। इसे ठीक कराने के लिए भी धक्के खाने पड़ रहे हैं। धर पर दो बच्चे हैं, वह भी बीमार है। कुछ दिन मनरेगा में कार्य कर रहा था लेकिन अब वह भी बंद हो गया है। पुरानी धनराशि का भी भुगतान नहीं हुआ है। बच्चों के भरण पोषण करने में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक जैसे तैसे बच्चों का भरण पोषण हो रहा था। दुकानों में काफी उधार हो गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने काफी मदद की। इधर, ग्रामीणों ने सरकार से प्रवासियों की सुध लेकर उन्हें रोजगार मुहैया कराने की मांग की है।
प्रवासियों को 200 दिन का रोजगार दें सीएम
गरुड़(बागेश्वर)। सीएम को भेजे पत्र में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण राम आर्या, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भरत फर्स्वाण, प्रकाश कोहली ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर विकास खंड के हर गांव में सौ से दो सौ प्रवासी घर पहुंचे हैं। उन्होंने प्रवासियों को मनरेगा के तहत दो सौ दिन का रोजगार देने की मांग की है।
भाजपा शासनकाल में बेरोजगारी चरम पर:रावत
बागेश्वर। यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हरीश रावत ने कहा है कि भाजपा शासनकाल में बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। देश में 30 करोड़ से अधिक युवा बेरोजगार हैं। कोरोना काल में 14 करोड़ लोगों को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। बेरोजगारी के कारण युवा गलत कदम उठाने पर विवश हो रहे हैं लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। बागेश्वर में पत्रकारों से बातचीत में रावत ने यूथ कांग्रेस ने रोजगार के लिए देशव्यापी आंदोलन शुरू किया है। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष दर्शन कठायत ने कहा कि भाजपा की दमनकारी नीतियों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। वहां सूर्यभान दफौटी, कुलदीप मेहता, संजय चन्याल, गोकुल परिहार, कृष्णा बघरी, दीपक कुमार, योगश असवाल, मनोज, पंकज, रंजीत आदि मौजूद थे।