बागेश्वर। स्लाटर हाउस को बंद करने से नाराज मीट विक्रेताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। विक्रेताओं ने कहा कि कोर्ट व नगर पालिका की सभी शर्तों को पूरा करने के बाद भी स्लाटर हाउस को जबरन बंद किया जा रहा है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर पालिका व तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को स्लाटर हाउस को सील कर दिया था। स्लाटर हाउस बंद करने से मीट मार्केट भी बंद हो गई। नाराज मीट विक्रेताओं ने शनिवार को मीट मार्केट के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। कहा कि बागेश्वर का स्लाटर हाउस हाईकोर्ट व नगर पालिका की शर्तों को पूरा कर रहा है।
उसके बाद भी स्लाटर हाउस को बंद करने के फैसले से मीट विक्रेता प्रभावित हो रहे हैं। मीट विक्रेताओं को नगर पालिका ने लाइसेंस निर्गत किए हैं। सभी शर्तों को मीट विक्रेता पूरा कर रहे हैं उसके बाद भी उनकी रोजी रोटी पर कुठाराघात किया जा रहा है। मीट विक्रेता बीते तीन दिन से बेरोजगार हैं। बताया कि उनके साथ 15 अन्य कार्यरत कर्मचारियों का भी रोजगार छिन गया है। प्रदर्शन करने वालों में नन्हें, अब्दुल मजीद, राकेश पाल, असलम, अजमल हुसैन, अल्लाह रक्खा, यूनुस आदि थे।