बागेश्वर। ब्रिटिशकाल से प्रस्तावित टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के निर्माण की मांग को लेकर यहां चल रहा क्रमिक अनशन मंगलवार को भी जारी रहा। सभा में वक्ताओं ने कहा कि रेल लाइन बने बगैर विकास की कल्पना ही बेईमानी होगी। उन्होंने बहुउद्देशीय मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन की धार और तेज करने की चेतावनी दी।
संघर्ष समिति की अध्यक्ष नीमा दफौटी की अध्यक्षता, महासचिव खड़क राम के संचालन में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार विकास के तमाम दावे कर लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रही है लेकिन वह चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले की महत्वपूर्ण मांग की ओर पीठ फेरे हुए है।
क्रमिक अनशन में बसपा जिलाध्यक्ष किशन लाल विश्वकर्मा और महासचिव नंदन कोहली बैठे। वहां एडवोकेट गोविंद भंडारी, पूर्व प्रधान हीरा बल्लभ भट्ट, डुंगर सिंह, चंद्र सिंह कार्की, मालती पांडे, मुन्नी जोशी, चंपा, सुरेंद्र पिल्खवाल, महेंद्र पिल्खवाल, सरस्वती गैलाकोटी, डीआर आर्य, अंजू राज, निशा देवी, आशा कुंवर आदि थे।