बागेश्वर। जिले के 15 खिलाड़ियों का चयन देहरादून में 13 जून से प्रस्तावित दो दिवसीय 15वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। जिलास्तरीय खिलाड़ियों के दल में दो महिला, 13 पुरुष एथलीट शामिल हैं।
शनिवार को राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान में राज्य प्रतियोगिता के लिए ट्रायल हुआ। इसमें जिले के बागेश्वर, कपकोट, गरुड़ विकास खंडों के दर्जनों खिलाड़ियों ने भाग लिया। ट्रायल के बाद सबसे बेहतर 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया। इनमें अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20, ओपन वर्ग में महिला, पुरुष एथलीट हैं। ट्रायल के दौरान महिला वर्ग से संध्या नेगी जबकि पुरुष वर्ग से राजेंद्र फर्स्वाण सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सुंदर सिंह कोरंगा ने बताया कि एक कोच समेत चयनित खिलाड़ियों का दल 12 जून का देहरादून रवाना होगा।