बागेश्वर। कमेड़ीदेवी-स्यांकोट मोटर मार्ग में कटी भूमि का मजगांव के 48 किसान परिवारों को आज तक मुआवजा नहीं मिला है। कई बार विभाग से मांग करने के बावजूद प्रभावित परिवारों को कोरे आश्वासन दिए जा रहे हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने अब आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम विकास संगठन के अध्यक्ष इंजीनियर टीएस रावत ने बताया कि वर्ष 2005 में स्यांकोट के लिए कटी सड़क से मजगांव के 69 परिवारों की सिंचित और असिंचित जमीन कटी थी। इनमें से 48 परिवारों को आज भी जमीन का मुआवजा नहीं मिला है। उपजाऊ जमीन कटने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
कई बार मांग करने के बाद भी लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों को मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। इस उपेक्षा के खिलाफ सभी प्रभावित परिवारों में नाराजगी है। ग्राम प्रधान भागुली देवी, भवानी देवी, उप प्रधान जोगा सिंह, नारायण सिंह, भीम सिंह, प्रताप सिंह, त्रिलोक सिंह, महिपाल सिंह आदि ने 15 मार्च से आंदोलन की चेेतावनी दी है।