बागेश्वर। नगर क्षेत्र के बागनाथ, घटबगड़ वार्ड और बागनाथ मंदिर क्षेत्र के आसपास के इलाके में पिछले कई दिनों से तेंदुआ और कटखने बंदरों ने लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है। क्षेत्रवासियों ने शनिवार को एडीएम राहुल गोयल से मुलाकात कर डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने डीएम से तेंदुए और बंदरों को पकड़ने के लिए वन विभाग को निर्देश देने की मांग की है।
ज्ञापन में नागरिकों ने कहा है कि नगर क्षेत्र में कई दिनों से तेंदुए दिन दहाड़े घूमते दिखाई दे रहे हैं। इससे लोग भयभीत हैं। मंडलसेरा क्षेत्र में तेंदुआ दो दुधारू गायों को भी अपना शिकार बना चुका है। वहीं बाहरी क्षेत्रों से कटखने बंदरों को छोड़ा गया है। उनके आतंक से हर कोई परेशान है। बच्चों के अकेले स्कूल जाने में खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से तेंदुए और बंदरों से निजात पाने के लिए शीघ्र पिंजरा लगाने के लिए वन विभाग को निर्देश देने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में धीरेंद्र परिहार, हरीश सोनी, गौरव कठायत, शरीफ अहमद, कुलदीप मेहता, चंद्र लाल साह, धीरज साह, रमेश मेहरा, शिवम सोनी, नीरज भट्ट आदि शामिल थे।