बागेश्वर। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सैनिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए 3050 रुपये की धनराशि एकत्र की।
कलक्ट्रेट में आयोजित एक कार्यक्रम में डीएम रंजना राजगुरु ने कहा कि सशस्त्र सेनाओं द्वारा देश की रक्षा के लिए जो बलिदान और त्याग किया है, आज उन्हें याद करने का दिन है। सहायक जिला सैनिक कल्याण और पुनर्वास अधिकारी आरसी तिवारी ने डीएम को टोकन फ्लेग और लापेल पिन लगाकर अर्थ संग्रह के कार्य का शुभारंभ किया। अपर सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार को सम्मानित किया। एनसीसी कैडेटों ने नगर सहित विभिन्न कार्यालयों में झंडा स्टीकर लगाकर धनराशि जुटाई। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्या कीर्ति पवांर ने बताया कि बच्चों द्वारा जुटाई गई 3050 रुपये की धनराशि जिला सैनिक एवं पुनर्वास कल्याण कार्यालय भेजी जाएगी।