बागेश्वर। जिला मुख्यालय के सैंज और मजियाखेत से लगे कई घरों में हाई वोल्टेज आने से विद्युत उपकरण फुंक गए। टीवी, फ्रिज, मोटर सहित तमाम उपकरणों के फुुंकने से लोगों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। इसको लेकर उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है।
बुधवार को विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने हाइडिल के पास एक पोल बदला। इसके बाद लाइन जोड़कर जैसे ही बिजली की आपूर्ति सुचारु हुई लोगों के घरों में लगे सीएफएल, एलईडी बल्ब, टीवी, फ्रिज, पानी की मोटर, स्टेबलाइजर सहित कई उपकरण फुंक गए।
एडवोकेट इंद्र सिंह धामी ने बताया कि विभाग की लापरवाही के कारण उनकी रसोई में लगी इलेक्ट्रिक चिमनी फुंक गई है। घर में लगे सभी एलईडी बल्ब भी फुंक गए। दिनेश चंद्र, भुवन जोशी सहित अन्य घरों में भी एकाएक हाई वोल्टेज आने से बल्ब फुंक गए।
आसपास के लोगों ने हाइडिल पहुंचकर इसकी सूचना कर्मचारियों को दी। इसके बाद विभाग ने लाइनों में सुधार कर आपूर्ति सुचारु की। उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें हजारों की क्षति उठानी पड़ी है।
इधर, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता भास्कर पांडेय ने बताया कि हाइडिल के पास एक बिजली का पोल बदला गया था। हाई वोल्टेज आने के कारण उपकरण फुंकने की जानकारी उन्हें नहीं है। हाई वोल्टेज के कारणों का पता लगाया जाएगा।