कपकोट (बागेश्वर)। मुख्य लाइन के जंफर जल जाने से कपकोट की बिजली रात पर गुल रही। क्षेत्र की बीएसएनएल की मोबाइल फोन सेवा भी बंद पड़ी है। मोबाइल फोन में सिग्नल नहीं आने से उपभोक्ताओं को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार की शाम को मुख्य लाइन के जंफर जल जाने से कपकोट की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। रातभर पूरा कपकोट अंधेरे में डूबा रहा। रविवार को दिन में थोड़ी देर के लिए बिजली आई लेकिन फिर गुल हो गई। हरेला पर्व के अवसर पर बिजली गुल रहने से लोगों में नाराजगी देखी गई। इसके अलावा क्षेत्र में बीएसएनएल की फोन सेवा भी लड़खड़ाई हुई है। शनिवार की रात से फोन में सिग्नल नहीं होने से अधिकांश लोगों के मोबाइल फोन शोपीस बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की अव्यवस्थाओं के कारण बरसात के मौसम में क्षेत्र की जनता को यातायात, विद्युत और संचार जैसी जरूरी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत और दूर संचार विभागों के अधिकारियों से शीघ्र सेवाओं में सुधार करने की मांग की है।