बागेश्वर। राज्य के समूचे कर्मचारी शिक्षक समुदाय को एक मंच पर लाने के लिए उत्तराखंड कार्मिक एकता मंच द्वारा चलाए जा रहे संपर्क अभियान के तहत एक प्रतिनिधिमंडल बागेश्वर पहुंचा। नगरपालिका सभागार में कर्मचारियों ने प्रतिनिधियों का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर कर्मचारियों ने कहा कि मंच की इस मुहिम को मुकाम तक पहुंचाने में पूरा सहयोग दिया जाएगा। मंच के प्रांतीय मुख्य संयोजक रमेश चंद्र पांडे, सह संयोजक श्याम सिंह रावत और धीरेंद्र पाठक ने कहा कि हम मनमर्जी का नहीं बल्कि व्यवस्था का राज चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के मामले अफसरों की मनमर्जी के कारण लटके पड़े हैं। जबकि ऐसे मामलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए सर्वमान्य व्यवस्थाएं बनी हैं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कांडपाल, नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष पंकज पांडे, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री कैलाश अंडोला, एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल के प्रांतीय संगठन मंत्री दरबान सिंह, भुवन जोशी, किशन चंद्र बचखेती, उद्यान के पूरन सिंह परिहार, गिरधारी सिंह ने संबोधित किया।